होली-ईद मिलन समारोह में झलकी एकता की मिसाल, अलीगंज में चिकित्सकों का भव्य संगम

डॉक्टर्स एसोसिएशन के आयोजन में सौहार्द, सम्मान और संगठन विस्तार पर रहा विशेष जोर

अलीगंज कस्बा अलीगंज में शनिवार देर रात करीब 11 बजे डॉक्टर्स एसोसिएशन अलीगंज के तत्वावधान में होली एवं ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन माहौर वैश्य धर्मशाला में संपन्न हुआ। इस आयोजन में क्षेत्र के दर्जनों चिकित्सकों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मैनपुरी से आए विशिष्ट अतिथियों के स्वागत से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राकेश गुप्ता नीमा अध्यक्ष मैनपुरी, डॉ. सी.एम. सक्सेना जनरल सेक्रेटरी नीमा मैनपुरी, डॉ. एम.सी. जैन संस्थापक डॉक्टर्स एसोसिएशन अलीगंज, डॉ. आर.के. राजपूत, डॉ. विनय जैथरा तथा डॉ. गोपाल मोहन सक्सेना, नीमा मंत्री मैनपुरी मंच पर उपस्थित रहे।

आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन के उपरांत सामूहिक आरती की गई, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डॉ. सुलेमान खान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से चिकित्सकों के बीच आपसी समन्वय और एकता को मजबूती मिलती है।

उन्होंने चिकित्सा पेशे को एक नोबल प्रोफेशन बताते हुए कहा कि डॉक्टर मरीज के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का कार्य करता है। उन्होंने युवा चिकित्सकों को डॉ. एम.सी. जैन से प्रेरणा लेने की सलाह दी और अपने अलीगंज से जुड़े शैक्षिक अनुभवों को भी साझा किया। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि होली और ईद जैसे पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और एकजुटता का संदेश देते हैं।

उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया तथा नए सदस्यों का स्वागत किया। कोषाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र निखर ने भावुक शब्दों में सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि “आप सभी ने जो सम्मान दिया है, वह मेरे लिए गर्व की बात है।” उनके वक्तव्य पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में संगठन के पदाधिकारियों डॉ. यतेंद्र यादव अध्यक्ष, डॉ. सुलेमान उपाध्यक्ष, डॉ. मयंक सक्सेना महामंत्री, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. रूबी यादव मंत्री, डॉ. पुष्पेंद्र निखर कोषाध्यक्ष, डॉ. हिमांशु गुप्ता संगठन मंत्री, डॉ. आनंद रतन शाक्य एवं डॉ. प्रियंका निखर मीडिया प्रभारी की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर संगठन विस्तार को भी प्राथमिकता दी गई। समारोह के दौरान छह नए चिकित्सकों को सदस्यता दिलाकर शपथ ग्रहण कराई गई। इनमें डॉ. शोभित, डॉ. मानवेंद्र सिंह, डॉ. इंद्र कुमार रॉय, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. एन.पी. सिंह, डॉ. सतेंद्र और डॉ. चांद आलम शामिल रहे। सभी ने संगठन के उद्देश्यों के प्रति निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह में होली और ईद की खुशियां एक साथ मनाई गईं। रंगों की मस्ती और आपसी गले मिलकर बधाई देने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। उपस्थित चिकित्सकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और सद्भाव को और मजबूत करते हैं. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके साथ यह गरिमामय और सफल आयोजन संपन्न हो गया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *