
संतकबीरनगर।नगर पंचायत धर्मसिंहवा में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष ओझा ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने मनसा पोखरा, गौरी राई, बरगदवा, सेवाइचपार सहित प्रमुख घाटों पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा बैरिकेडिंग की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने कहा कि छठ पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर सूर्य उपासना के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा और स्वच्छता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को घाटों की नियमित सफाई करने, कीचड़ हटाने और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही, जहां आवश्यकता हो, वहां बल्ब और हाईमास्ट लाइटें तत्काल लगवाने का निर्देश भी दिया।निरीक्षण के दौरान सीएम फेलो प्रशांत, बृजेश चंद्र त्रिपाठी, सभासद प्रतिनिधि धर्मराज अग्रहरि, इदू सिद्दीकी, अंबरीश, नगर पंचायत के सफाईकर्मी और अन्य लोग मौजूद रहे।अधिशासी अधिकारी ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें ताकि यह पर्व शांति और श्रद्धा के साथ संपन्न हो सके।
