
भोपाल में विज्ञान व संस्कृति से छात्राएं हुई रूबरू
बहराइच– पीएम श्री योजना के अन्तर्गत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कालेज बहराइच के 40 छात्राओं का 13 से 17 मार्च 2026 तक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 5 दिवसीय एक्सपोजर विजिट सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों, वैज्ञानिक शोध केन्द्रों एवं सांस्कृतिक स्थलों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।

जिससे उनके सर्वागीण विकास को बढ़ावा मिल सके। भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान भोपाल का भ्रमण कर मिट्टी के प्रकार अनुसंधान कार्यो तथा उनके दैनिक जीवन में महत्व की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने प्रसिद्ध भोजेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव को प्राप्त किया।
जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय पर्यावरणीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान भोपाल का भ्रमण कराया गया जहाँ छात्राओं ने पर्यावरणीय कारकों के मानव जीवन पर प्रभाव से संबंधित शोध कार्यों को समझा और वैज्ञानिकों से संवाद किया और नवीनतम जानकारी को प्राप्त किया।

इसी क्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल का भ्रमण किया जहाँ उन्होंने आधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा उच्च शिक्षा एवं प्रवेश से संबंधित प्रकिया की जानकारी को प्राप्त किया।यह एक्सपोजर विजिट प्रभारी दीपिका चौरसिया व सह नोडल प्रभारी ममता यादव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु यादव (पी०ई०एस०) के अनुसार यह विजिट विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ। भ्रमण से लौटने के बाद छात्राओं में उत्कृष्ट और नए अनुभवों की झलक साफ दिखाई दिया।
