जी.डी. इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया फेयरवेल समारोह, रैंप वॉक और जुगलबंदी ने जीता दिल

कक्षा 11वीं के छात्रों ने सीनियर साथियों के लिए सजाई विदाई की शाम

मास्टर नितिन बने मिस्टर फेयरवेल और अल्का बनी मिस फेयरवेल

अलीगंज। नगर के प्रतिष्ठित जी.डी. इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न केवल विदाई का प्रतीक था, बल्कि बीते वर्षों की खट्टी-मीठी यादों और भविष्य के सपनों का एक अनूठा संगम रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति एवं प्रधानाचार्य डॉ. त्रिपुरेश कुमार पाण्डेय द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। अध्यापक ललित कुमार पाठक और गणेश कुमार ने मधुर गीतों और प्रेरणादायक भाषणों से छात्रों में नई ऊर्जा भरी। कक्षा 11वीं के छात्रों ने अपने सीनियरों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समूह नृत्य, फनी डांस, जुगलबंदी और बैलून गेम जैसी गतिविधियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

रैंप वॉक के दौरान अपनी आभा बिखेरते हुए आर्यन गर्ग और नितिन को ‘मिस्टर फेयरवेल’ तथा श्रुति सिंह और अल्का को ‘मिस फेयरवेल’ के खिताब से नवाजा गया। कक्षा 12वीं के छात्र संचित गुप्ता ने अपने भाषण में स्कूल के दिनों को याद करते हुए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया, जिसे सुनकर कई विद्यार्थियों की आँखें नम हो गईं। विदाई की बेला में छात्र अपने सहपाठियों और गुरुओं से अलग होते हुए भावुक नजर आए।

उप निदेशक यश कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और सकारात्मक सोच ही आपको सफलता के शिखर तक ले जाएगी।

वहीं प्रधानाचार्य डॉ. त्रिपुरेश कुमार पाण्डेय ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि विद्यालय में सीखे गए नैतिक मूल्य और संस्कार ही छात्रों के जीवन की सही दिशा तय करेंगे। समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय की प्रबंधिका सुधा यादव, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कक्षा 11वीं के छात्रों का विशेष सहयोग रहा।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *