सुशासन सप्ताह के तहत किसान सम्मान समारोह एवं रबी किसान मेला आयोजित

स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसानों को मिला सम्मान, योजनाओं की दी जानकारी

नन्हे मुन्ने बच्चों ने लघु नाटक के माध्यम से जैविक खेती अपनाने पर दिया जोर

एटा सुशासन सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र हाल में किसान हितों को समर्पित कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में किसान सम्मान समारोह–2025 एवं रबी किसान मेला का आयोजन कृषि विभाग, जनपद एटा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम मे जानकारी दी गई कि यह आयोजन सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन नवाचारों तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। रबी किसान मेले में गेहूं, चना, सरसों सहित अन्य रबी फसलों से संबंधित उन्नत बीज, उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का सुझाव दिया।

किसान सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन किसानों के अधिकारों, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान कृषि नीतियां भी उन्हीं के सिद्धांतों से प्रेरित होकर किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन गांव की ओर अभियान का भी उल्लेख किया गया, जिसके तहत शासन की योजनाओं को सीधे ग्रामीणों और किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण तथा पशुपालन से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक के माध्यम से जैविक खेती अपनाने का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

इसी क्रम में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें 19 से 25 दिसंबर तक चल रहे सुशासन सप्ताह की गतिविधियों पर प्रकाश डाला गया। कार्यशाला में प्रशासनिक पारदर्शिता, जनसुनवाई, जवाबदेही तथा योजनाओं के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन को सुशासन का मूल मंत्र बताया गया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, अध्यक्ष महेश पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र कुमार लोधी, सहसंयोजक प्रदीप गुप्ता, भामाशाह, जिला महामंत्री कुं. आशीष राजपूत, पशुपालन विभाग से मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) एटा नीरज शुक्ला, डिप्टी सीवीओ डॉ. प्रभात कुमार गुप्ता, डिप्टी सीवीओ अलीगंज डॉ. रविकांत, ब्रह्मकुमारी के.के. मिथिलेश सहित अन्य समाजसेवी, किसान एवं शासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

जिला महामंत्री कुं. आशीष राजपूत ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। किसान सम्मान समारोह जैसे आयोजन किसानों का मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नीरज शुक्ला ने कहा कि कृषि के साथ-साथ पशुपालन भी किसानों की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है। सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए टीकाकरण, नस्ल सुधार और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पशुपालन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *