कर्नलगंज,गोंडा। तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। बालपुर जाट बाजार के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से कक्षा 8 के छात्र फैजान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक फैजान, ग्राम पंचायत बालपुर जाट के केशव जोत गांव का निवासी था।

परिजनों के अनुसार वह बालपुर बाजार से कॉपी खरीदकर पैदल घर लौट रहा था, तभी अनियंत्रित रोडवेज बस ने उसे कुचल दिया।
बस के पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
