अलीगंज के गंगा दरवाजा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, हजारों का सामान जलकर राख


अलीगंज के गंगा दरवाजा मोहल्ले में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की घटना में हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में रोष है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा दरवाजा निवासी गीता पत्नी रामसेवक ने बताया कि वह घर के अंदर मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हुई। लाइट आते ही उनके घर में लगे इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट के साथ तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग लग गई।


आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान जलने लगा। पीड़िता के अनुसार घर में रखे कपड़े, बिस्तर, इनवर्टर, बैटरी सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।


घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन के समय से न पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।


पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *