अलीगंज शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन द्वारा ठंड से बचाव के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता के नेतृत्व में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर उन्हें राहत प्रदान की गई। एसडीएम ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार किसी भी जरूरतमंद को ठंड के कारण परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।कंबल वितरण के उपरांत उप जिलाधिकारी ने क्षेत्र में भ्रमण कर विभिन्न स्थानों पर की गई अलाव व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने डाक बंगला स्थित मुख्य प्वाइंट का निरीक्षण किया, जहां अलाव जलता हुआ पाया गया। इसके साथ ही गांधी मूर्ति चौराहा, नागला पड़ाव, सारी अड्डा, बस स्टैंड तथा रामलीला चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर अलाव व्यवस्था को देखा गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि अलाव नियमित रूप से जलते रहें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।

एसडीएम ने बस स्टैंड स्थित रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया और वहां ठहरे यात्रियों व जरूरतमंदों की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, रात्रि विश्राम और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और निरंतर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इस अवसर पर लेखपाल राजीव कुमार यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
