जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा में स्काउट-गाइड तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापनपांच दिवसीय शिविर में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभावना का मिला व्यवहारिक प्रशिक्षण

अलीगंज जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा के परिसर में आयोजित उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड के तृतीय सोपान का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर उत्साहपूर्ण समापन समारोह के साथ संपन्न हो गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना रहा।


अलीगंज ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउट एवं गाइडों ने पूरे जोश और लगन के साथ प्रशिक्षण में सहभागिता की। जिसमे में गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज तथा जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा के स्काउट-गाइडों ने भाग लिया। पांच दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग के नियम, उद्देश्य और आदर्शों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें जीवन उपयोगी कौशल सिखाए गए।

प्रशिक्षण सत्रों में प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, टोली निर्माण, कैंप संचालन, अनुशासन, राष्ट्रसेवा तथा सामाजिक कर्तव्यों से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं, जिससे विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास सुनिश्चित हो सके। शिविर का सफल संचालन जिला संगठन आयुक्त एवं स्काउट मास्टर सुमन प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली पद्धति है। स्काउटिंग से बच्चों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव विकसित होता है, जो उन्हें भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनाता है। समारोह के दौरान स्काउट-गाइडों ने शिविर में सीखी गई गतिविधियों का संक्षिप्त प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

कार्यक्रम के अंत में जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा के प्रधानाचार्य डॉ. डी.के. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग छात्रों को मेहनती, ईमानदार, धैर्यवान और साहसी बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्काउटिंग के नियमों और सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्ट प्रीतम सिंह, सुभाष चंद्र, सुनील कुमार, सचिन कुमार और स्वाती गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी प्रशिक्षकों ने शिविर के दौरान प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *