मेहदावल में विधायक खेल स्पर्धा-2025 का भव्य समापन

विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित

संतकबीरनगर।मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के जगतगुरु शंकराचार्य इंटरमीडिएट कॉलेज, मेहदावल में आयोजित दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा-2025 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं फुटबॉल की शेष प्रतियोगिताएं सब-जूनियर, जूनियर व सीनियर वर्ग में पुरुष एवं महिला वर्ग के अंतर्गत संपन्न कराई गईं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल से न केवल शरीर बल्कि मन का भी सर्वांगीण विकास होता है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक हैं।विधायक ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि वर्ष 1976 में उन्होंने भी इसी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण की थी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय के जीर्णोद्धार में सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। साथ ही उन्होंने कहा कि मेहदावल विधानसभा के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि युवा कल्याण विभाग द्वारा पहली बार विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के संबंध में फीडबैक देने की अपील की तथा जानकारी दी कि विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ी आगे जनपद, जोन व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकेंगे।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक जय सिंह, प्रधानाचार्य राजेश सिंह, माध्यमिक शिक्षा संघ के मंत्री संजय द्विवेदी, डीएवी के प्रधानाचार्य कौशलेंद्र सिंह सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी, खिलाड़ी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *