
कन्याओं ने किया जलाभिषेक, 15 जनवरी तक प्रवचन व रामलीला का आयोजन
संतकबीरनगर। मेहदावल तहसील क्षेत्र के बौरव्यास गांव में बुधवार को श्रीराम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। गाजे-बाजे और जयघोष के बीच यज्ञ मंडप से निकली शोभायात्रा रैधरपार व बरईपार होते हुए गहबा नदी के तट पर पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान से कलश पूजन कराया गया। इसके उपरांत कन्याओं ने पवित्र जल भरकर कलश को यज्ञ मंडप में स्थापित किया। इस अवसर पर पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय और उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा।यज्ञ संचालक संत शरण दास ने बताया कि श्रीराम महायज्ञ का आयोजन 7 जनवरी से 15 जनवरी तक किया जा रहा है, जिसका समापन 15 जनवरी को हवन एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। कार्यक्रम के संयोजक मानस मधुर (चित्रकूट धाम) ने जानकारी दी कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 12 बजे तक वैदिक विद्वानों द्वारा देवी-देवताओं का पूजन, दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक कथा व्यास हेमंत तिवारी के प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से 1 बजे तक रामलीला का भव्य मंचन किया जाएगा।
इससे पूर्व शनिवार को मुख्य यजमान द्वारा यज्ञ स्थल पर ध्वजारोहण कर भगवान हनुमान का विधिवत आह्वान किया गया था। आयोजन की शांति व्यवस्था को लेकर चौकी प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।कार्यक्रम में अशोक शास्त्री, दीनदयाल दूबे, हरिराम राय, राजेश पांडेय, काली प्रताप शुक्ला, कैलाश पांडेय, जगरनाथ पांडेय, राजीव पांडेय, राजेंद्र पांडेय, हीरा राव, राममिलन पाठक, पवन पांडेय, आनंद स्वरूप पांडेय, अनिल कुमार पांडेय, बृजचंद शुक्ला, कन्हैया पांडेय, गोपाल पांडेय, सोनू अग्रहरी, सत्यम अग्रहरि, राहुल साहनी, संजय अग्रहरी, बशु साहनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
