अलीगंज। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की सच्चाई उस समय उजागर हो गई जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवकुमार राजपूत के औचक निरीक्षण में अलीपुर पीएचसी पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) ड्यूटी से नदारद मिले।

रविवार को अलीपुर एवं नयागांव न्यू पीएचसी के निरीक्षण के दौरान सीएचओ बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए, जिस पर चिकित्साधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
चिकित्साधीक्षक डॉ. राजपूत ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की प्राथमिकता का कार्यक्रम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

हालांकि नयागांव न्यू पीएचसी पर मेले की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जहां मरीजों की जांच, टीकाकरण और दवा वितरण सुचारु रूप से चलता मिला।
स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट दिलीप सिंह
