होली व रमजान को लेकर बहराइच में हाई सिक्योरिटी अलर्ट, आईजी देवीपाटन ने किया मेगा रूट मार्च


बहराइच। आगामी होलिका दहन, रंगोत्सव एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा अमित पाठक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक बहराइच के साथ नगर क्षेत्र के संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च किया गया।


पैदल गश्त छावनी क्षेत्र से प्रारम्भ होकर घंटाघर तक की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, स्थानीय थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने की अपील की।


जनपद को सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में विभाजित करते हुए 06 सुपर जोन, 43 जोन एवं 136 सेक्टर बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था हेतु 02 क्यूआरटी टीम, 02 कंपनी पीएसी सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सतत निगरानी के लिए 04 ड्रोन लगाए गए हैं। जनपद में कुल 4803 स्थानों पर होलिका स्थापित है।


समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

पुलिस ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24×7 निगरानी की जा रही है। अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *