अलीगंज। कस्बा के मोहल्ला राधा कृष्णा स्थित पीएमश्री विद्यालय परिसर में शुक्रवार को हरिगंज नगर की केशव बस्ती का हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित कर सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक करना रहा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में केशव बस्ती के लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता धर्मजागरण के प्रांत प्रमुख विशाल राजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिन्दू समाज जब तक संगठित नहीं होगा तब तक भारत देश पूर्ण रूप से सशक्त नहीं बन सकता। आज आवश्यकता है कि हम अपनी संस्कृति, परंपराओं और धर्म की रक्षा के लिए एकजुट हों।

उन्होंने युवाओं से सामाजिक दायित्व निभाने और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर मुगलों ने जब अत्याचार किया था तब ये नहीं पूंछा था कि कौन हिन्दू है या बौद्ध और जैन है बल्कि इस्लाम कबूल न करने पर प्रत्येक हिन्दू पर अत्याचार किया गया। भारत के अस्तित्व और भारतीय संस्कृति को बचाने के लिए सभी को एक होना पड़ेगा फिर चाहे वह जैन हो या बौद्ध हो।
सभी एक होकर जातिवाद और भेदभाव छोड़कर एक पटल पर चलेगे तभी भारत देश संगठित होगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्व प्रांत मंत्री गौरी दुबे ने कहा कि युवा शक्ति ही समाज की दिशा और दशा बदल सकती है। आज का युवा यदि अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति जागरूक हो जाए, तो कोई भी शक्ति राष्ट्र को कमजोर नहीं कर सकती।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से चरित्र निर्माण, सेवा और संगठन के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने की बात कही। कार्यक्रम में विभाग धर्मजागरण संयोजक आदित्य चौहान ने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की वैज्ञानिक और नैतिक पद्धति है। सम्मेलन की अध्यक्षता राकेश स्वर्णकार द्वारा की गई।
उन्होंने अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी समरसता को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम का संचालन अनुशासित और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक दानवीर भामाशाह हिन्दू सम्मेलन समिति की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और उपस्थित जनसमूह से हिन्दू समाज की एकता, संस्कृति की रक्षा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर विभाग कार्यवाह सौरभ कुमार, जिला संघचालक महेश चन्द्र, विनोद आर्य, देवेन्द्र मिश्रा, दिनेश चंद्र गुप्ता, मुन्नाबाबू गुप्ता, फेरुसिंह राठौर, अमित गुप्ता सभासद, अभिषेक शर्मा, राघवेन्द्र गुप्ता भुल्लन, विनीत प्रधान, श्रृष्टि शर्मा, आशीष राजपूत, विजयकुमारी मिश्रा, रजनी गोस्वामी आदि लोग मौजूद रहे हैं।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
