रंगों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा विद्यालय परिसर
अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र के जी. डी. इंटरनेशनल स्कूल में होली का पर्व बड़े ही उत्साह और पारंपरिक उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालय में आयोजित होली महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती सुधा यादव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राएं रंगों की मस्ती में सराबोर नजर आए। बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दीं और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस विशेष कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की उपस्थिति ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती सुधा यादव एवं प्रबंधक सुल्तान सिंह यादव भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और साथियों का मन मोह लिया। इसके पश्चात बालिकाओं में अनन्या और उनकी सहयोगी छात्राओं ने गायत्री मंत्र की सुंदर प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने सराहा। छोटे-छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. त्रिपुरेश कुमार पांडेय, उप प्रबंधक यश कुमार तथा अन्य शिक्षकों ने अपने संबोधन में होली के पारंपरिक, सामाजिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। बच्चों को बताया गया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय, आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है।

कार्यक्रम की रूपरेखा अध्यापिका ज्योति गुप्ता एवं नीलम सिंह द्वारा तैयार की गई, जिसे सभी ने सराहनीय बताया। मंच संचालन का दायित्व अभयदीप ने प्रभावशाली ढंग से निभाया। कार्यक्रम में कक्षा 4 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओ ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सबका दिल जीत लिया। कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने राक्षस और राक्षसियों का रूप धारण कर भक्त प्रह्लाद की कथा का सजीव मंचन किया, जिसे खूब सराहना मिली। इसके अतिरिक्त रंगों से भरी मटकी फोड़कर रंग बिखेरने की प्रस्तुति भी अत्यंत आकर्षक रही।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक सुल्तान सिंह एवं उप निदेशक यश कुमार ने अपने उद्बोधन में सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विद्यालय के उप निदेशक यश कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. त्रिपुरेश कुमार पांडेय, उप प्रधानाचार्य एस.पी. सिंह, प्रदीप सिंह, प्राइमरी सेक्शन इंचार्ज श्रीमती नीलम राठौर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
