स्थानीय जनप्रतिनिधि के दबाव में कार्य कर रहे कर्नलगंज नगर चौकी प्रभारी
कर्नलगंज (गोंडा)। कर्नलगंज थाना क्षेत्र की पुलिस पर उच्च अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आईजी के आदेश के बावजूद कर्नलगंज पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नलगंज नगर के मोहल्ला बालूगंज निवासी राहुल ने आरोप लगाया है कि दिनांक 15 दिसंबर 2025 को नगर पालिका परिषद कर्नलगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि के साथ रहने वाले अनुज जायसवाल एवं आशीष कुमार ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसकी रिपोर्ट उपलब्ध होने का दावा किया गया है।

पीड़ित राहुल का कहना है कि उसने इस संबंध में थाना कर्नलगंज में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, साथ ही उच्च अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र सौंपा, लेकिन आज तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि के दबाव में चौकी प्रभारी एवं पुलिस कर्मी कार्रवाई से बच रहे हैं।


इस मामले में पुलिस की चुप्पी से आम जनता में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि उच्च अधिकारियों के आदेशों का भी पालन नहीं होगा, तो आम नागरिक न्याय के लिए कहाँ जाएँगे। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस प्रकरण में क्या संज्ञान लेते हैं और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।
