आईजी के आदेशों को ठेंगा! बस अड्डा चौकी के पास फिर बन गया अवैध टैक्सी स्टैंड, जिम्मेदारों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल

गोंडा। देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक द्वारा अवैध टैक्सी स्टैंडों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद गोंडा शहर में बस अड्डा चौकी के पास एक बार फिर अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित होने लगा है। चौकी के ठीक सामने खुलेआम चल रहा यह अवैध स्टैंड न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय पहले प्रशासन ने शहर में अवैध टैक्सी स्टैंडों के खिलाफ अभियान चलाकर इन्हें हटाने की कार्रवाई की थी। उस दौरान बस अड्डा क्षेत्र से भी टैक्सियों को हटाया गया था, लेकिन कार्रवाई ठंडी पड़ते ही टैक्सी संचालकों ने फिर से उसी स्थान पर अपना अवैध स्टैंड जमा लिया। दिनभर यहां टैक्सियों की लंबी कतार लगी रहती है, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। बस अड्डे के आसपास आने-जाने वाले यात्रियों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि यह अवैध टैक्सी स्टैंड बस अड्डा चौकी के बिल्कुल नजदीक संचालित हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदारों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ रही, या फिर सब कुछ जानते हुए भी अनदेखा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस और प्रशासन सख्ती दिखाए तो अवैध टैक्सी स्टैंड दोबारा संचालित होना संभव ही नहीं है।

लेकिन मौजूदा हालात से यही प्रतीत होता है कि कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध टैक्सी स्टैंड को तत्काल हटाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाए। अब देखने वाली बात यह होगी कि आईजी के सख्त निर्देशों के बाद भी खुलेआम संचालित हो रहे इस अवैध टैक्सी स्टैंड पर प्रशासन कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *