बांगरमऊ क्षेत्र में प्रतिबंधित हरे पेड़ों का अवैध कटान जोरों पर

मोहम्मद इरफ़ान खान/नवयुग समाचार

उन्नाव: बांगरमऊ क्षेत्र में प्रतिबंधित हरे पेड़ों का अवैध कटान प्रशासन की नाक के नीचे धड़ल्ले से जारी है लकड़कट्टे बेखौफ होकर आरा चला रहे हैं, जिससे इस अवैध कार्य में वन विभाग की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध बनी हुई है। हालात यह हैं कि हरे-भरे पेड़ गिरते जा रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई और आश्वासन तक सीमित हैं।


बांगरमऊ क्षेत्र के मुन्नीपुरवा गांव में प्रतिबंधित पेड़ों का कटान चल रहा है। दिनदहाड़े पेड़ काटे जा रहे हैं और लकड़ी वाहनों से ले जाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब अचानक नहीं हो रहा, बल्कि सुनियोजित तरीके से अवैध लकड़ी का कारोबार फल-फूल रहा है। इसके बावजूद अब तक लकड़कट्टे पर कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है।

हरे पेड़ों के कटान से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्र की हरियाली उजड़ रही है और आने वाले समय में गर्मी व जल संकट और गहराने की आशंका है। इसके बावजूद वन विभाग की चुप्पी यह संकेत देती है कि या तो विभाग को हालात की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जानते हुए भी आंखें मूंदी जा रही हैं। इस मामले में वन दारोगा पप्पू सिंह ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है, लेकिन सवाल यह है कि जब अवैध कटान खुलेआम चल रहा है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

अवैध पेड़ कटान का यह कोई नया मामला नहीं है पिछले कुछ दिनों पर गौर करे तो गांव पलिया, हसनपुर मजरा, मेला आलमशाह आदि गांवों सहित दर्जनों स्थानों पर हरे भरे पेड़ उजाड़ दिए गए बता दें पलिया गांव में 15 दिन पहले एक दर्जन पेड़ो का कटान किया गया था लेकिन वन विभाग की रिपोर्ट में सिर्फ दो पेड़ काटे जाने का जिक्र हुआ था जिससे वन विभाग और लकड़कट्टो में तालमेल होने की चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *