सार्वजनिक तालाब व ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा,शिकायत कर्ता ने जानमाल की सुरक्षा की लगाई गुहार

कर्नलगंज, गोण्डा। तहसील क्षेत्र के ग्राम कादीपुर में सार्वजनिक तालाब व ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव निवासी एक युवक ने उप जिलाधिकारी कर्नलगंज को प्रार्थना पत्र देकर अवैध कब्जा हटाने और अपने परिवार की जानमाल की सुरक्षा की मांग की है।


ग्राम कादीपुर निवासी आशीष सिंह पुत्र स्वर्गीय पारसनाथ सिंह ने उप जिलाधिकारी कर्नलगंज को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि ग्राम कादीपुर स्थित गाटा संख्या 59 व 63, जो कि सार्वजनिक तालाब व ग्राम समाज की भूमि है, उस पर कई लोगों ने पक्का मकान बनाकर अवैध कब्जा कर लिया है। प्रार्थी के अनुसार इस मामले में हाईकोर्ट का निर्देश भी हो चुका है तथा पूर्व में तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर जिलाधिकारी गोण्डा व उप जिलाधिकारी कर्नलगंज को भी अवगत कराया जा चुका है।

उनका कहना है कि उक्त भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए धारा 67 के तहत बेदखली की कार्रवाई भी हो चुकी है, लेकिन अब तक मौके पर कब्जा हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। आशीष सिंह ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों ने जमीन पर कब्जा कर रखा है, उनमें कुछ दबंग व राजनीतिक प्रभाव वाले लोग भी शामिल हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि विपक्षी उनकी और उनके परिवार की हत्या करा सकते हैं या झूंठे फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश कर जेल भेजवा सकते हैं। पीड़ित शिकायत कर्ता का कहना है विपक्षीगण कह रहे हैं कि इनका मोबाइल छीन लो जिससे यह कोई काम ना कर पायें। पीड़ित ने उप जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जा हटवाने तथा अपने व परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *