झारखंड, जमशेदपुर। महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिला दण्डाधिकारी- सह- उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय द्वारा शहरी क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।

मौके पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, एसडीएम धालभूम समेत जुस्को के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में जिले के वरीय पदाधिकारियों ने पांडेय घाट, स्वर्णरेखा घाट मानगो पुल, दो मुहानी घाट, पंप हाउस घाट मानगो आदि का निरीक्षण कर घाटों की साफ-सफाई, बेरिकेडिंग, चेंजिंग रूम निर्माण, डेंजर जोन चिन्हितीकरण, विद्युत व्यवस्था, आवश्यकतानुरूप पहुंच पथ की मरम्मती एवं घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आवश्यक जनसुविधा ससमय पूरी की जाए ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि यह निरीक्षण प्रशासनिक तैयारियों के प्रारंभिक चरण का हिस्सा है। अगले चरणों में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर कार्य प्रगति की समीक्षा की जाएगी ताकि छठ पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके ।
