वीरांगना अवंतीबाई इंटर कॉलेज अलीगंज में आईपीएस अंकित राजपूत का सम्मान

अलीगंज।वीरांगना अवंतीबाई इंटर कॉलेज कंचनपुर में मंगलवार को विद्यालय परिवार द्वारा आईपीएस बने अंकित राजपूत का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय पहुँचने पर छात्रों व शिक्षकों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।

आईपीएस बने अंकित राजपूत सम्मान पाकर भावुक हुए अंकित राजपूत ने कहा कि उनका हर कदम इसी विद्यालय की शिक्षा और गुरुओं के संस्कारों से प्रेरित रहा है। अंकित राजपूत, जिन्होंने वर्ष 2024 बैच में आईपीएस के रूप में चयन पाया है और वर्तमान में उनकी तैनाती मणिपुर में है, ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी सपना बड़ा नहीं होता।

उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए बताया कि उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं तक अध्ययन वीरांगना अवंतीबाई विद्यालय में किया। इसके बाद कक्षा 6 से 12 तक नवोदय विद्यालय इटारसी में उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त की और फिर 4 वर्ष तक आईआईटी कानपुर में अध्ययन करते हुए अपने करियर की मजबूत नींव रखी। कठोर परिश्रम और दृढ़ निश्चय ने उन्हें आईपीएस बनने का अवसर प्रदान किया।

समारोह के दौरान अंकित राजपूत ने अपने माता-पिता और गुरुजनों के योगदान को सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उन्हें आज इस मुकाम तक लेकर आया है। विद्यालय में मौजूद छात्रों को उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि हर छात्र अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनकर उसमें गहराई से मेहनत करें, निश्चित ही सफलता उनके कदम चूमेगी।

अंकित राजपूत ने विद्यालय के शिक्षकों से आशीर्वाद लिया और ग्रामीणों तथा परिजनों से भी शुभकामनाएँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उनसे प्रेरित होकर अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारण की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *