बहराइच। टैक्स चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीएसटी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की बिना बिल की सिगरेट बरामद की है। कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शहर के व्यस्त घंटाघर चौराहे पर चेकिंग के दौरान टीम ने एक ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली। जांच में करीब 2.40 लाख रुपये कीमत की मालबोरो (Marlboro) ब्रांड की सिगरेट बिना किसी वैध बिल एवं दस्तावेज के परिवहन करते हुए पकड़ी गई।
बताया जा रहा है कि सिगरेट का यह खेप दरगाह थाना क्षेत्र स्थित आशियाना कॉलोनी की गोमती पान मसाला एजेंसी से सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। बिना बिल माल खपाने की कोशिश को देखते हुए पूरी खेप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार मामले में टैक्स चोरी के एंगल से जांच की जा रही है और संबंधित कारोबारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध व्यापार और राजस्व चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
