देर रात गौशालाओं पर छापा, सीवीओ ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर चेतावनी

चारे की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई गहन जांच, कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

अलीगंज जनपद में गौवंश की देखभाल को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एटा आरपी शर्मा ने देर रात्रि गढ़ी रोशन, किनौड़ी खैराबाद एवं आजमनगर स्थित गौ आश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशालाओं में मौजूद सुविधाओं, पशुओं के खान-पान और साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीवीओ ने विशेष रूप से पशुओं को दिए जा रहे हरे चारे की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और संरक्षकों से बातचीत कर चारे की नियमित आपूर्ति और उसके स्तर के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पशुओं के खान-पान में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कहीं कमी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौशालाओं में साफ-सफाई की स्थिति का भी उन्होंने गंभीरता से निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर में स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पशुओं को किसी भी प्रकार की बीमारी से बचाया जा सके। निरीक्षण के दौरान पानी की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गौशालाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य करते रहें, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो। सीवीओ आरपी शर्मा के इस औचक निरीक्षण से गौशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *