अलीगंज क्षेत्र में मंगलवार शाम कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान बैंड बाजा की धुन पर लोग झूमते नजर आए, जिसमें पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अलीगंज कस्बे में यह जयंती प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार को बड़े धूमधाम से मनाई गई। शोभायात्रा में भारत माता और भीमराव अंबेडकर के सजीव चित्रण भी शामिल किए गए थे।
शोभायात्रा का शुभारंभ भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष करन वाल्मीकि ने महर्षि वाल्मीकि के स्वरूपों पर तिलक और माल्यार्पण कर किया। इस दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने भगवान वाल्मीकि के जयकारे लगाए। शोभायात्रा तहसील चौराहा, गांधी मूर्ति, मातादीन चौराहा, नई सब्जी मंडी, गुलाम हुसैन से होते हुए मोहल्ला काजी पर समाप्त हुई।

शोभायात्रा में भगवान राम, गणेश और हनुमान की लगभग आधा दर्जन झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण के स्वरूपों ने नृत्य कर भगवान के भजनों से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। बैंड बाजा की धुन पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु नृत्य करते दिखे।

इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनी रही। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष कुलदीप, महामंत्री अर्जुन धानुक, उपकोषाध्यक्ष गौरव उर्फ गजनी, उप महामंत्री लखन वाल्मीकि, देव, प्रिंस, अभय, आदर्श, संदीप, अर्जुन, अभिषेक, शिवम, प्रवेश, दिनेश चंद्र, रमेश फौजी, राजू प्रेमी और झुनकू वाल्मीकि सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन आशीष कुमार वाल्मीकि ने किया।
