गौकशी में संलिप्त 15 अभियुक्तों के घर एक साथ दबिश

अलीगंज। गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘श्वेत के अंतर्गत थाना अलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना अलीगंज पुलिस की दो टीमों ने एक साथ गौकशी एवं उससे संबंधित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त कुल 15 अभियुक्तों के घरों पर दबिश दी। पुलिस द्वारा जिन अभियुक्तों के यहां कार्रवाई की गई, उनमें जमान खां पुत्र अताउर्रहमान निवासी मोहल्ला किलेदारान, इंतजार खां पुत्र जूनस कुरैसी निवासी मोहल्ला रामप्रसाद गौड़, इरशाद पुत्र मोबाली निवासी मोहल्ला रामप्रसाद गौड़, इकबाल पुत्र आलम, कल्लू खां पुत्र असगर, गुड्डू पुत्र असगर, साजेब पुत्र भूरे, सैफ पुत्र आबाद, आमिर पुत्र मोहम्मद उमर, हासिम पुत्र सलमान, बेवू पुत्र चमन कुरैसी, बाहर पुत्र चमन कुरैसी, चमन कुरैसी पुत्र अदीक, आदिल पुत्र असलम, सभी निवासी मोहल्ला लुहारी दरवाजा तथा मुन्ना उर्फ फहीम पुत्र फारूक निवासी मोहल्ला रामप्रसाद गौड़, थाना अलीगंज शामिल हैं।
पुलिस टीमों द्वारा सभी अभियुक्तों का मौके पर विधिवत सत्यापन किया गया तथा उनके आपराधिक इतिहास की गहन जांच प्रारंभ की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन अभियुक्तों की संपत्ति, आय के स्रोत, आपराधिक नेटवर्क एवं पूर्व में दर्ज मुकदमों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। जांच पूर्ण होने के उपरांत साक्ष्यों के आधार पर इनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट सहित अन्य कठोर कानूनी प्रावधानों में कार्रवाई की जाएगी।
थाना अलीगंज पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत भी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि गौकशी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। ऑपरेशन ‘श्वेत’ के तहत आगे भी निरंतर अभियान चलाकर अपराधियों पर सख्त प्रहार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
