नवयुग समाचार दिलीप सिंह
अलीगंज।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 (SIR-2026) के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में ईआरओ अलीगंज एवं उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता की अध्यक्षता में अलीगंज एसडीएम कार्यालय स्थित सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ईआरओ जगमोहन गुप्ता ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विधानसभा स्तर पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एएसडी (अनुपस्थित, मृतक, स्थानांतरित एवं अनट्रेसेबल) मतदाताओं के सत्यापन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार एएसडी मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित बीएलए को उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से सम्पन्न की जा सके।
ईआरओ ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सभी विधानसभाओं में एएसडी मतदाताओं के सत्यापन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि विशेष पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा अपने-अपने बीएलए के माध्यम से बीएलओ से प्राप्त सूचियों की जांच कर लें, जिससे मतदाता सूची अधिक पारदर्शी, सटीक एवं समयबद्ध रूप से अद्यतन की जा सके। आयोग की मंशानुरूप कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में सम्मिलित न हो।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शंकाओं का समाधान भी किया गया। साथ ही अवगत कराया गया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील अलीगंज में हेल्प डेस्क स्थापित कर दिए गए हैं, जिनके संपर्क नंबर जारी किए जा चुके हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में मतदाता अपनी संबंधित तहसील में जाकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें कांग्रेस से विधानसभा प्रभारी अरविंद सोनी, भारतीय जनता पार्टी से महामंत्री आशीष राजपूत, बहुजन समाज पार्टी से मदन कुमार तथा समाजवादी पार्टी से विधानसभा अध्यक्ष सुभाष शाक्य शामिल रहे।
