अलीगंज। उप जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित सेवा पखवाड़ा और मिशन शक्ति अभियान 05 कार्यक्रम के तहत विधायक सतपाल सिंह राठौड़ ने तीन महिलाओं को आवास आवंटन पत्र प्रदान किए। इसी दौरान चार अन्य महिलाओं को विरासत दर्ज कराकर निशुल्क खतौनी भी दी गई।
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर और उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने संयुक्त रूप से ये आवंटन पत्र और खतौनी प्रदान कीं। आवास आवंटन पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं में ग्राम कैल्ठा की रूबी देवी, नन्ही देवी और आमना शामिल हैं।
वहीं ग्राम नथुआपुर की मीरा देवी, किताब श्री, ग्राम वीरपुर की सरस्वती देवी और ग्राम कैल्ठा की माया देवी को निशुल्क खतौनी दी गई।
इस अवसर पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ पात्रों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति फेज 5 चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस प्रशासन स्कूलों और गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक कर रहे है।साथ ही हर विभाग द्वारा सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है।
विधायक राठौर ने आगे कहा कि प्रदेश में कानून का राज है, जिससे विधानसभा क्षेत्र में न तो अवैध कब्जे हो रहे हैं और न ही अपराधी अपराध करने की हिम्मत कर पा रहे हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए गए हैं और भविष्य में भी यह जारी रहेंगे।भाजपा सरकार में सबका साथ सबका विकास हो रहा है ।इस कार्यक्रम में तहसीलदार संजय कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा उत्तर प्रदेश