बहराइच। थाना दरगाह शरीफ पुलिस ने हत्या की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हंसिया, ईंट व आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नरायण दत्त मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्राम विशुनपुर राहू निवासी बडकऊ 10 फरवरी को खेत देखने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनका शव गेहूं के खेत में मिला। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पड़ोसी जसवन्त उर्फ लौडाऊ व उसकी पत्नी नीलम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य व मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को 12 फरवरी को गांव के पास साइफन के निकट गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपसी रंजिश व शक के चलते उन्होंने ईंट व धारदार हथियार से हत्या की।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
