बारिश में गिरा पुराना मकान, मलबे में दबकर युवक की मौत

नायब तहसीलदार ने घटनास्थल पर पहुँचकर की जांच पड़ताल, शव का कराया पोस्टमार्टम

अलीगंज।अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत बारिश के दौरान एक मकान की छत गिर गई। इसके मलबे में दबकर एक युवक घायल हो गया। उसको उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटनाक्रम के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मोहन में रविवार को बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे के नीचे नगला मोहन निवासी 36 वर्षीय अवधेश कुमार पुत्र रामनाथ सिंह दब गया। गंभीर रुप से घायल होने के बाद घायल अवधेश को आनन-फानन में फर्रुखाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान अवधेश की मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।

मृतक के बड़े भाई जयवीर ने बताया कि उसका मकान पुरानी ईंट व मिट्टी के गारे से बना हुआ था। उसका छोटा भाई अवधेश मकान के अंदर लेटा था। तभी भारी बरसात की वजह से मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर जब वह मकान के पास पहुंचा तो देखा कि उसका छोटा भाई मकान के मलबे में दबा हुआ है। आनन फानन में उसे मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान अवधेश की मौत हो गयी। मृतक के बड़े भाई जयवीर ने बताया कि मृतक की शादी नही हुई थी।

वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भाई दलबीर सिंह, आनन्द कुमार, मां गंगादेवी का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने गहनता से जांच पड़ताल करते हुए रिपोर्ट अलीगंज एसडीएम को सौंप दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं दूसरी तरफ ग्राम नगला सामंत तहसील अलीगंज में उमेश पुत्र मुंशी सिंह का कच्चा मकान अत्यधिक वर्षा के कारण गिर गया जिसमें उनके तीन बच्चे दब गए थे। जिनको सकुशल निकाल लिया गया है। किसी को कोई भी चोट नहीं आई है।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!