होलिका में आखत डालने को लेकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत, तीन घायल

मौके पर पहुंचा पुलिसबल, गांव मे पसरा सन्नाटा

एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव नगला मुरली में होलिका दहन के बाद अक्षत डालने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद रिटायर्ड फौजी और उनके बेटों ने 4 युवकों को गोली मार दी। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 की हालत गंभीर है। हत्याकांड की वजह सिर्फ इतनी थी कि युवक होलिका दहन बाद उसमें जौ यानी अक्षत डाल रहे थे। जबकि रिटायर्ड फौजी ने उन्हें जौ डालने से मना किया। जब युवक नहीं माने तो रिटायर्ड फौजी ने अपने 3 बेटों के साथ लाइसेंसी असलहों से 3 लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। रिटायर्ड फौजी का एक बेटा पुलिस विभाग में सिपाही और बाकी दोनों किसान हैं।

थाना जसरथपुर के नगला मुरली में रिटायर्ड फौजी रामऔतार यादव अपने परिवार के साथ रहता है। उसके 3 बेटे धीरेन्द्र, सरोज और मनोज यादव हैं। प्रत्यक्षदर्शी महेन्द्र राजपूत ने बताया- गांव में होलिका दहन किया जा रहा था। इसी दौरान रामऔतार भी वहां आया था। गांव के राजीव, राजेश और प्रदीप भी वहां पर आए थे। प्रदीप होलिका दहन के बाद अक्खत डालने की बात कहने लगा। इसी बात पर रामऔतार भड़क गया। उसने होलिका में जौ डालने से प्रदीप को रोक दिया। जिसका प्रदीप ने भी विरोध किया और वह जौ डालने लगा। इस बात से फौजी गुस्सा हो गया।

बेटों के साथ असलहे लेकर आया पूर्व फौजी, की तावड़तोड़ फायरिंग

महेंद्र के मुताबिक, हम लोगों ने उस समय मामले को शांत करा दिया। रामऔतार धमकी देकर वहां से चला गया। करीब 10 मिनट बाद ही वह अपने तीनों बेटों धीरेन्द्र, सरोज और मनोज को लेकर होलिका के पास आया। उनके हाथ में 2 लाइसेंसी असलहे थे आते ही पिता और पुत्रों ने प्रदीप को धमकाना शुरू कर दिया। कहा- अब तुम्हें देख लेंगे। इसके बाद उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में हड़कंप मच गया। हम लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई जबकि प्रदीप यादव, राजीव, राकेश और प्रदीप कुमार घायल हो गए।

एक ने तोड़ा दम, 3 की हालत गंभीर

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद घायल अवस्था में चारों को सीएचसी अलीगंज और वहां से हायर सेंटर फर्रुखाबाद भेजा गया। जहां प्रदीप यादव पुत्र ओशान सिंह यादव की मौत हो गयी। जबकि राजीव, राकेश और प्रदीप मे कुमार की हालत गंभीर है। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक धनञ्जय सिंह कुशवाहा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों से पूछताछ की।

नोएडा से अपने भाई एक्सीडेंट मौत की सूचना पर आया था गांव प्रदीप

महेंद्र के मुताबिक, मृतक प्रदीप यादव नोएडा की हिंदुस्तान वृद्धा कंपनी में प्रिंटिंग प्रेस ठेकेदार की नौकरी करता था। होली पर अपने परिवार सहित गांव नगला मुरली आया था। क्योंकि 14 फरवरी को प्रदीप के छोटे भाई अमित की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। जिस वजह से होली पहला व गमी का त्यौहार था। मृतक चार भाई हैं। बाकी लोग नगला मुरली में खेती बाड़ी भी करते हैं। प्रदीप के परिवार में पत्नी, 2 बेटियां और एक बेटा है।

गांव में नहीं जले चूल्हे, पसारा रहा सन्नाटा

होलिका दहन में आखत डालने को लेकर हुई घटना की लोगों ने निंदा की है वही इस घटना से गांव मुरली नगर, देवतरा, देवतरिया में चूल्हे नहीं जले।

एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया, नगला मुरली में होलिका दहन के बाद कुछ लोगों का होलिका में जौ डालने और परिक्रमा करने पर विवाद हुआ था। जिसके बाद रिटायर्ड फौजी रामऔतार और उसके 3 बेटों ने अपने लाइसेंसी असलहों से फायरिंग की थी। जिसमें प्रदीप की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हैं। पुलिस ने हत्यारोपी राम अवतार यादव और उसके बेटे मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। 2 बेटों धीरेन्द्र यादव और सरोज यादव की तलाश की जा रही है। धीरेंद्र यादव यूपी पुलिस में सिपाही है। गिरफ्तार किए गए 2 लोगों के कब्जे से लाइसेंसी रायफल व बन्दूक बरामद कर ली गई है। इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!