नगर पंचायत कटरा बाजार क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रही अवैध विद्युत आपूर्ति, विभागीय चुप्पी पर उठे सवाल
गोण्डा। जिले के नगर पंचायत कटरा बाजार क्षेत्र में विद्युत चोरी का खेल खुलेआम चल रहा है। आरोप है कि स्थानीय विद्युत कर्मचारियों की अनदेखी और कुछ संविदाकर्मियों के संरक्षण में अवैध कनेक्शन धड़ल्ले से संचालित किए जा रहे हैं।
इस पूरे मामले से न सिर्फ सरकार के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार भी डाला जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कटरा बाजार क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना मीटर, कटिया डालकर अथवा सीधे लाइन से अवैध रूप से बिजली खपत की जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ विद्युत विभाग की जानकारी में होने के बावजूद लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सूत्रों का कहना है कि कुछ संविदाकर्मी अवैध कनेक्शनों को संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते विद्युत चोरी का यह नेटवर्क और अधिक मजबूत होता जा रहा है। विभागीय निरीक्षण केवल कागजों तक सीमित हैं,जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि एक ओर नियमित उपभोक्ताओं से समय पर बिल वसूला जाता है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम हो रही बिजली चोरी पर विभाग आंख मूंदे बैठा है। इससे विभाग की कार्यशैली और ईमानदारी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनहित में मांग की जा रही है कि कटरा बाजार क्षेत्र में उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी विद्युत कर्मियों व संविदाकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके। अब देखना यह होगा कि मामले के सामने आने के बाद विद्युत विभाग के उच्चाधिकारी इस पर संज्ञान लेते हैं या फिर यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
