ग्राम बंद नगर में हुआ पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का सफल आयोजन

672 पशुओं का हुआ पंजीकरण, दी चिकित्सीय सेवाएं व महत्वपूर्ण जानकारियां

अलीगंज। विकासखंड अलीगंज के ग्राम पंचायत बंद नगर में शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन भदकी के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय पाल शाक्य द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान करन सिंह एवं ग्राम की महिलाओं ने गौ पूजन कर किया। महिलाओं ने गौमाता की सुरक्षा के प्रति जागरूकता दर्शाते हुए गायों को रेडियम कॉलर पहनाया। इसके बाद फीता काटकर, मां सरस्वती एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

शिविर के दौरान आयोजित गोष्ठी में उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अलीगंज डॉ. रविकांत ने पशुपालकों को सर्दियों में पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार और सामान्य रखरखाव के विषय में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. गौरव गंगवार ने उत्तर प्रदेश सरकार की सहभागिता योजना, पराली के बदले गोबर खाद निर्माण एवं पशुधन बीमा योजना के बारे में विस्तार से बताया।

वहीं डॉ. गौरव तेवतिया ने पशुओं में होने वाली बांझपन की समस्या के कारणों व उसके उपचार की जानकारी दी और वैज्ञानिक तरीकों से पशुधन संवर्धन के उपाय बताए। शिविर में पशुपालकों की भारी भीड़ रही।

कुल 672 पशुओं का पंजीकरण किया गया, जिनमें बड़े पशु 206 और छोटे पशु 466 शामिल रहे। उपचार एवं सेवाओं के तहत 181 सामान्य चिकित्सा, 393 कृमिनाशक दवापान, 3 लघु शल्य चिकित्सा, 43 गर्भ परीक्षण, 35 बांझपन चिकित्सा, 13 कृत्रिम गर्भाधान एवं 4 बधियाकरण किए गए।

शिविर में ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। कई महिलाओं ने पशुपालन से जुड़े प्रश्न पूछे और जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पैरावेट्स एवं पशुमित्रों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें अपने पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *