भरपुरा तिराहा में सिलसिलेवार चोरी से दहशत, तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी


अलीगंज / एटा। कस्बा अलीगंज के भरपुरा तिराहा इलाके में देर रात हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई। अज्ञात चोरों ने पेशेवर अंदाज में छत के रास्ते प्रवेश कर दीवार तोड़ते हुए लगातार तीन दुकानों को निशाना बनाया और लाखों रुपये की नकदी व सामान लेकर फरार हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर सबसे पहले नीरज ट्रेडर्स की दुकान में छत के रास्ते दाखिल हुए। यहां से करीब 45 हजार रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा दो मोबाइल चार्जर चोरी कर लिए गए। इसके बाद चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर बगल की दुकानों तक रास्ता बना लिया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को दुकानों की संरचना की पहले से जानकारी थी।


इसके बाद बालाजी ट्रेडर्स से लगभग 25 हजार रुपये नकदी चोरी हुई, जबकि पवन ट्रेडर्स के संचालक ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है। दुकानदारों के अनुसार चोरों ने तिजोरी और गल्ले खंगालकर मुख्य रूप से नकदी पर ही हाथ साफ किया, जिससे स्पष्ट है कि उनकी मंशा कैश चोरी करना थी।


घटना का महत्वपूर्ण सुराग नीरज ट्रेडर्स में लगे सीसीटीवी कैमरे से मिला है, जिसमें दो संदिग्ध युवक चोरी करते हुए कैद हुए हैं। हालांकि दोनों के चेहरे ढंके होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।


घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। डायल-112 एवं कोतवाली अलीगंज पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


रिपोर्ट : दिलीप सिंह मंडल, एटा (उ.प्र.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *