15 बीघा खेत में नहीं जमी आलू की फसल, कृषि अधिकारी ने दुकान से लिए दवाओं के नमूने*

नवयुग समाचार संवाददाता सीबू सैनी

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी किसान सुभाष पुत्र जानकी प्रसाद ने आलू की फसल खराब होने का आरोप लगाते हुए जिला कृषि अधिकारी से लिखित शिकायत की है। किसान का आरोप है कि बीज उपचार के लिए खरीदी गई दवा के कारण खेत में बोई गई आलू की फसल प्रभावित हुई, जिससे उसे भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।


किसान सुभाष ने बताया कि उन्होंने अक्टूबर माह में मदार बीज भंडार, दौलतपुर ठठिया से आलू बीज को शोधित करने के लिए दवा खरीदी थी। इस दवा का छिड़काव करने के बाद उन्होंने लगभग 15 बीघा खेत में आलू की बुवाई की, लेकिन कई दिनों तक आलू का अंकुरण नहीं हुआ। जो पौधे निकले भी, उनकी बढ़वार सामान्य नहीं है और पूरे खेत में फसल कमजोर स्थिति में है।


किसान का कहना है कि बीज उपचार उन्होंने इस उद्देश्य से किया था कि आलू का अंकुरण अच्छा हो, पौधे मजबूत निकलें और पैदावार बेहतर हो सके। लेकिन दवा के छिड़काव वाले खेत में फसल खराब हो गई, जबकि जिस आलू बीज पर किसी प्रकार की दवा का प्रयोग नहीं किया गया और उसे दूसरे खेत में बोया गया, वह फसल पूरी तरह स्वस्थ और अच्छी स्थिति में है। इससे किसान को संदेह है कि बीज उपचार में प्रयोग की गई दवा ही फसल खराब होने का मुख्य कारण है।


शिकायत मिलने पर जिला कृषि अधिकारी सन्तराम गुप्ता ने संबंधित खेत पर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने मदार बीज भंडार, दौलतपुर ठठिया पहुंचकर दुकान के प्रोपराइटर जुल्फिकार से पूछताछ की। इस दौरान दुकान में रखी गई दवाओं के सैंपल भी भरे गए।


जिला कृषि अधिकारी सन्तराम गुप्ता ने बताया कि किसान को दी गई दवा सहित दुकान में उपलब्ध अन्य दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकान में कुछ कमियां भी पाई गई हैं, जिसको लेकर दुकानदार को नोटिस जारी किया जा रहा है।


फिलहाल कृषि विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य किसानों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। किसान जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें नुकसान की भरपाई और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *