उज्ज्वला गैस योजना के अंतर्गत नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

गोंडा। लोकभवन सभागार, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उज्ज्वला गैस योजना के लाभार्थियों को नि:शुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरण से संबंधित सजीव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यक्रम आयोजित कर लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ प्रदान किया गया।

उक्त क्रम में जनपद गोंडा के कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें उज्ज्वला योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों में 10 लाभार्थियों को 569.50 रूपए की राशि का सब्सिडी प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, सांसद गोंडा प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि संजीव सिंह, सोनू सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, एवं जिला पूर्ति अधिकारी कुँवर दिनेश प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और कहा कि उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों, विशेष रूप से महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और जीवन में सुधार किया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को सम्मानजनक जीवन दे रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो रही है।

इस अवसर पर लाभार्थियों ने भी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नि:शुल्क गैस रिफिल सब्सिडी से उन्हें आर्थिक राहत मिली है और त्योहारों के इस मौसम में यह एक बड़ी सौगात है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *