रामगांव क्षेत्र में बढ़ीं चोरी की घटनाएं, ग्रामीणों में रोष
नवयुग समाचार
रामगांव (बहराइच)। थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर कुट्टी में स्थित करीब 150 वर्ष पुराने ठाकुरद्वारा मंदिर से राधा-कृष्ण की अष्टधातु मूर्तियां चोरी होने का मामला सामने आया है।

धार्मिक स्थल से हुई चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्राम मिर्जापुर कुट्टी निवासी अरविंद कुमार मौर्य पुत्र स्व. केवल मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के सामने स्थित प्राचीन मंदिर में लगभग 10 किलोग्राम वजनी अष्टधातु की राधा-कृष्ण मूर्तियां स्थापित थीं। 25 फरवरी की रात अज्ञात चोर मंदिर से मूर्तियां चोरी कर ले गए।

सुबह पूजा के लिए पहुंचे ग्रामीणों को मंदिर से मूर्तियां गायब मिलीं।
खोजबीन के दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर मूर्तियों के वस्त्र व मुकुट पड़े मिले, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर रामगांव थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।
