अटल की धरती पर राष्ट्रवाद का संकल्प: अलीगंज में अटल स्मृति सम्मेलन, देश को गौरव देने वाले विचारों की गूंज

भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्मशताब्दी के अवसर पर अलीगंज स्थित से रिसोर्ट में भव्य अटल स्मृति सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीन दयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के चित्रों पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को विधिवत प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।


सम्मेलन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल भारत के प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि भारत की सशक्त और निर्भीक वैश्विक आवाज थे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष मजबूती से रखकर पूरी दुनिया में देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। अटल जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक राजनीति में सम्मानजनक और निर्णायक पहचान स्थापित की।


मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई से जुड़ी अविस्मरणीय स्मृतियों और अनुभवों को साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण था। सम्मेलन के दौरान एसएआर से जुड़े कार्यों को लेकर बीएलए से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें जनहित में और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार-विमर्श किया गया।


कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि अटल बिहारी वाजपेई का सपना एक समरस, आत्मनिर्भर और शक्तिशाली भारत का था, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ साकार कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर अटल जी के सपनों को जमीन पर उतारने का कार्य कर रही हैं।


इस अवसर पर एटा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता, अलीगंज विधायक प्रतिनिधि सूरज राठौर, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरजीत/सुजीत कुमार गुप्ता (बॉबी), नगर पंचायत जैथरा अध्यक्ष विवेक गुप्ता, राजा का रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अर्जुन सिंह राठौर, अलीगंज के पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री आशीष राजपूत, अलीगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य जिला उपाध्यक्ष आमोद आर्य एवं क्षेत्र के कई मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का समापन अटल बिहारी वाजपेई के राष्ट्र निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *