अलीगंज में भाजपा की कार्यशाला मे SIR-2 अभियान को सफल बनाने का संकल्प

विधायक बोले– हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ना प्राथमिकता

अलीगंज।भारतीय जनता पार्टी द्वारा मैनपुरी रोड स्थित अनीता गार्डन में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2) अभियान के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी देना और पार्टी के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने हेतु तैयार करना था। कार्यशाला में अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी सूरज राठौर विधायक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ग्राम प्रधान, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ एवं जिला अध्यक्ष संदीप जैन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विधायक राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को सशक्त और पारदर्शी बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

जिन लोगों के नाम किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं हैं या जिनकी जानकारी गलत है, उन्हें सुधारने और जोड़ने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। विधायक ने आगे कहा कि यह प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगी, जिसमें मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे, डुप्लीकेट नामों को ठीक किया जाएगा और 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे।

उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता ही लोकतंत्र की जड़ हैं, इसलिए हर बूथ पर पार्टी की सक्रियता से ही मतदाता सूची पूर्ण और शुद्ध बनेगी। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि SIR-2 विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा को मजबूत करने की दिशा में भाजपा का सामूहिक प्रयास है। प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य होना चाहिए कि विधानसभा के हर बूथ पर 100 प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। सभी ने एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

जिला अध्यक्ष संदीप जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि SIR-2 अभियान सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पार्टी के संगठनात्मक दायित्व का भी हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल एजेंट्स (BLA-1 व BLA-2) को इस प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जा चुकी है और हर बूथ पर टीम गठित कर दी गई है, जो घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ को मजबूत बनाना ही चुनावी सफलता की कुंजी है, इसलिए हर कार्यकर्ता को इस पुनरीक्षण कार्य को अपनी जिम्मेदारी समझकर गंभीरता से निभाना चाहिए।

जिला महामंत्री कुमारी आशीष राजपूत ने कहा कि युवाओं की भूमिका इस अभियान में अत्यंत अहम है। डिजिटल तकनीक और ऑनलाइन माध्यमों का सही उपयोग करते हुए हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने बताया कि BLO द्वारा घर-घर जाकर ऐनुमैरेशन फॉर्म (ER) भरे जाएंगे और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा।

इस अवसर पर चेयरमैन जैथरा विवेक गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि अर्जुन सिंह सिंपल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, मंत्री लोकपाल सिंह शाक्य, पीयूष शाक्य, निलेश राजपूत, बृजेश कुमार, सोमेंद्र सिंह, नवीन राजपूत, प्रदीप कुमार, सुबोध कुमार, मुरारी लाल राजपूत सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *