रूपईडीहा पुलिस ने चोरी के मामले में शातिर अभियुक्त को किया गिरफ्तार, जेवर व मोबाइल बरामद


बहराइच। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रूपईडीहा पुलिस ने चोरी के मामले में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से जेवरात, मोबाइल फोन और सीलिंग मशीन बरामद की है।


पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी व क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत के निर्देशन में उपनिरीक्षक राहुल सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गावट माता मंदिर के पास से अभियुक्त अबरार अहमद पुत्र लड्डन (40 वर्ष) निवासी घसियारन मोहल्ला थाना रूपईडीहा को गिरफ्तार किया गया।


तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, एक ताबीज, एक चांदी का सिक्का, दो मोबाइल फोन तथा एक हैंड पैकेट सीलिंग मशीन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक यह बरामदगी थाना रूपईडीहा में दर्ज मु0अ0सं0 48/2026 धारा 305(A) बीएनएस, मु0अ0सं0 364/2025 धारा 305(A) बीएनएस व मु0अ0सं0 33/2026 धारा 305(D) बीएनएस से संबंधित है।


अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2019 में थाना मोतीपुर में उसके खिलाफ चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा नेपाल के जिपरखा थाना क्षेत्र में भी वह करीब 18 माह जेल में रह चुका है।


पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय बहराइच के समक्ष पेशी के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *