सकीट मंडल को मिला नया नेतृत्व, अमर राजपूत उर्फ प्रदीप बने मंडल अध्यक्ष भाजपा


जनपद एटा के सकीट क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी संगठन को नया नेतृत्व मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के उपरांत अमर राजपूत उर्फ प्रदीप को मंडल अध्यक्ष, सकीट नियुक्त किया गया है। उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।


नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से भव्य अभिनंदन किया तथा मिठाइयाँ वितरित कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह दायित्व अमर राजपूत के निरंतर संघर्ष, समर्पण, ईमानदारी और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने लंबे समय से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।


कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंडल सकीट संगठन नई ऊँचाइयों को छुएगा और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अमर राजपूत का अनुभव और संगठनात्मक क्षमता क्षेत्र में पार्टी की पकड़ को और सुदृढ़ करेगी।


इस अवसर पर अमर राजपूत उर्फ प्रदीप ने शीर्ष नेतृत्व एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से कार्य करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास, कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की मजबूती को अपनी प्राथमिकता बताया।


समापन पर उपस्थित जनसमूह ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि उनका यह दायित्व संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *