फार्मर रजिस्ट्री को लेकर एसडीएम ने जनसेवा केंद्र संचालकों संग की बैठक

80 संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश, हर कास्तकार की रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने की अपील

अलीगंज तहसील सभागार अलीगंज में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से उप जिला अधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता की अध्यक्षता में जनसेवा केंद्र संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्बे एवं क्षेत्र के लगभग 80 जनसेवा केंद्र संचालकों ने भाग लिया।

इस दौरान एसडीएम ने सभी संचालकों को अभियान से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

उप जिला अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि क्षेत्र के प्रत्येक कास्तकार की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से की जाए, चाहे उसके पास एक बिस्वा या आधा बिस्वा ही भूमि क्यों न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि के छोटे या बड़े होने से कोई फर्क नहीं पड़ता, सभी किसानों का पंजीकरण आवश्यक है ताकि भविष्य में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचाया जा सके।

एसडीएम ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का डाटा व्यवस्थित किया जा रहा है, जिससे उन्हें समय-समय पर मिलने वाली अनुदान, बीमा, सब्सिडी एवं अन्य कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने जनसेवा केंद्र संचालकों से अपेक्षा की कि वे इस अभियान को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को जागरूक करें और रजिस्ट्री प्रक्रिया में पूरा सहयोग प्रदान करें।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा रजिस्ट्री की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी ढंग से पूर्ण किया जाए। एसडीएम ने सभी कास्तकारों से अपील की कि वे अपने संबंधित लेखपाल, नजदीकी जनसेवा केंद्र या आयोजित कैंप में जाकर शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *