अलीगंज क्षेत्र के 439 बूथों पर चल रही प्रक्रिया, बाबलो और अधिकारियों को नीचे दिए गए आवश्यक निर्देश
अलीगंज। विधानसभा अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत अलीपुर स्थित चार मतदान बूथों का उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथों पर उपस्थित बीएलओ को बुलाकर आवश्यक अभिलेखों की जांच की और आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर चल रही सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली।

एसडीएम ने मौके पर मौजूद नागरिकों से वार्ता कर उन्हें मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों, दावों और नोटिस की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी जांच पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए। इस कार्य में बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सुपरवाइजर की संयुक्त टीम द्वारा गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बूथों पर सुनवाई की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है और अभिलेखों का विधिवत सत्यापन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में कुल 439 बूथ स्थापित हैं, जिनमें प्रत्येक बूथ पर सुनवाई की कार्रवाई जारी है।
अब तक लगभग 38 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है। शेष प्रकरणों के निस्तारण के लिए भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध और अद्यतन रहे, जिससे आगामी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। एसडीएम के निरीक्षण से बूथ स्तर पर कार्यरत कार्मिकों में सक्रियता देखी गई और प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी जांच नियमानुसार की जा रही है। प्रत्येक बूथ पर सुनवाई की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
