बीएलए को समय पर उपस्थिति और जांच कार्य में पारदर्शिता बरतने के निर्देश

अलीगंज। उप जिला अधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक एसडीएम के चेंबर में की गई, जिसमें आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य और बीएलओ–बीएलए समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने सभी बीएलए को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर बीएलओ के साथ उपस्थित होकर मतदाता सत्यापन एवं जांच प्रक्रिया का कार्य पूरी जिम्मेदारी से निभाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बीएलए का समय पर फील्ड में पहुंचना और जांच कार्य में पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची अद्यतन कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलए यह सुनिश्चित करें कि उनके बूथ क्षेत्र में कितने मतदाता जांच के दौरान उपस्थित हुए, कितने लोगों ने फॉर्म भरे और कितने मामलों में सुधार अथवा नए पंजीकरण की आवश्यकता है।
सभी बीएलए को निर्देश दिया गया कि वे इन सभी बिंदुओं को दर्ज कर समय से रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या व्यवधान उत्पन्न होता है तो तुरंत एसडीएम कार्यालय को अवगत कराएं, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक में राजनीतिक दलों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं सामने रखीं।
उपस्थित प्रतिनिधियों में बीएलए कुमारी आशीष राजपूत, सुभाष शाक्य जिला सदस्य, सपा, गौरव यादव सपा, बिट्टू राठौर बीजेपी, सुरेंद्र सिंह बसपा सहित अन्य दलों के सदस्य शामिल रहे। एसडीएम ने सभी दलों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास का विषय है, जिससे क्षेत्र की लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं मजबूत होती हैं। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
