महाशिवरात्रि पर सुरक्षा चाक-चौबंद — डीएम व एसपी ने मंदिरों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खास ध्यान


बहराइच।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद बहराइच के सभी शिव मंदिरों में जलाभिषेक का कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो रहा है। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।


इसी क्रम में अधिकारियों ने श्री सिद्धनाथ मंदिर पहुँचकर मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात संचालन का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।


प्रशासन के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, साथ ही जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है।

भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी लगातार निरीक्षण जारी रहेगा, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व पूर्णतः सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *