ग्राम पुनया के विष्णुकांत मिश्रा का भारतीय सेना में चयन, गांव में खुशी की लहर

संतकबीरनगर। सांथा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पुनया के युवा विष्णुकांत मिश्रा पुत्रकमलेश मिश्रा ने भारतीय सेना की राजपूताना रेजीमेंट में जीडी पद पर चयन पाकर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा दिया है। उनके चयन की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाइयाँ बांटकर और शुभकामनाएँ देकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।विष्णुकांत मिश्रा शुरू से ही पढ़ाई और अनुशासन के प्रति समर्पित रहे हैं। हाईस्कूल की शिक्षा उन्होंने वर्ष 2018 में हाजी मुख्तार अहमद इंटर कालेज सेवाइचपार से प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 2020 में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इंटर कॉलेज, मेहदूपार से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने राजा रतनसेन डिग्री कॉलेज, बांसी सिद्धार्थनगर से स्नातक की पढ़ाई वर्ष 2024 में पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलकूद में भी सक्रिय रहे, जिसने उनकी शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास को और मजबूत किया।उनके पिता किसान हैं और माता गृहणी, जिन्होंने बेटे की सफलता पर गर्व और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णुकांत ने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। ग्रामीणों ने भी विष्णुकांत की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि उनकी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है।राजपूताना रेजीमेंट में उनका चयन गांव के लिए सम्मान की बात है और ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विष्णुकांत आगामी दिनों में देशसेवा में उत्कृष्ट योगदान देकर क्षेत्र का नाम और भी ऊंचा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *