एटा। प्रधानमंत्री के वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट पर राज्यपाल द्वारा संचालित मुहिम के अंतर्गत समाजसेवी मानवेन्द्र सिंह चौहान मनु ने 05 टीबी रोगियों को गोद लिया।

इस अवसर पर मनु ने कहा कि जनपद से टीबी को जड़ से समाप्त करना ही उनका लक्ष्य है, जिसके लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि टीबी उन्मूलन केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि सही पोषण, समय पर जांच और निरंतर जागरूकता से संभव है। इसी उद्देश्य से वे गोद लिए गए मरीजों को उपचार अवधि के दौरान नियमित पोषण सहायता उपलब्ध कराएंगे, जिससे वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें और सामान्य जीवन में लौट सकें।
उल्लेखनीय है कि समाजसेवी मनु द्वारा पूर्व में भी जनपद के 400 से अधिक टीबी रोगियों को गोद लिया जा चुका है, जो अब पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं। इन सभी मरीजों को छह माह की उपचार अवधि तक पौष्टिक आहार एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे उपचार की सफलता दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट के अधीक्षक , एसटीएस, एसटीएलएस, लैब टेक्नीशियन, बीपीएम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने समाजसेवी मनु के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनपद के लिए प्रेरणादायी बताया और आमजन से अपील की कि टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग कर, समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित कराएं, ताकि एटा को शीघ्र टीबी मुक्त बनाया जा सके।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
