
अलीगंज (एटा)। थाना अलीगंज क्षेत्र के हरसिंगपुर के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे पास में खड़ी एक साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार में सवार एक बुजुर्ग को भी चोट आई है।

कोतवाली अलीगंज के एसएसआई जयवीर सिंह ने बताया, स्विफ्ट डिजायर कार तेज गति में थी और उसने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में बाइक सवार रजित (18) पुत्र सौदान निवासी हरसिंगपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया। वहीं कार में सवार राघवेंद्र सिंह (73) पुत्र गजराज सिंह निवासी खरसुलिया को भी चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया।
बताया गया है कि कार कुलदीप पुत्र राघवेंद्र सिंह चला रहा था और उसके साथ उसके पिता राघवेंद्र सिंह बैठे थे।
घायल राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ अलीगंज से गांव खरसुलिया जा रहे थे, तभी अचानक बाइक सामने आ गई और हादसा हो गया। वहीं घायल बाइक सवार रजित का कहना है कि कार तेज रफ्तार में थी और उसने पीछे से टक्कर मारी, जिससे वह घायल हो गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में दोनों घायलों का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

