बहराइच। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा शुक्रवार को थाना पयागपुर एवं थाना विशेश्वरगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थानों की व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा जनसुनवाई प्रक्रिया की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान महिला हेल्पडेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की पेंडेंसी पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी प्रार्थना पत्रों को विधिवत रजिस्टर में अंकित कर उनका समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक मामले में थाना प्रभारी द्वारा स्वयं फरियादियों से फीडबैक प्राप्त करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थानों पर आने वाले आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट, संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

मालखाने के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने माल को क्रमवार एवं वर्षवार सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा संबंधित रजिस्टरों को अद्यतन एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल दिया। वहीं मेस का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त थाना परिसर, हवालात, बैरक एवं शौचालयों का निरीक्षण कर समुचित स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता तथा संसाधनों के बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की और उन्हें सही दिशा में संचालित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उसका त्वरित एवं विधिक निस्तारण किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

साथ ही थाना परिसरों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का निरीक्षण कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश दिए गए तथा अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा भी की गई।
