अलीगंज बार एसोसिएशन हॉल में दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मूर्तियों का अनावरण
स्व. हरनाथ यादव व स्व. अमरनाथ गुप्ता को अधिवक्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धा अलीगंज बार एसोसिएशन हॉल में बुधवार को एक भावनात्मक एवं गरिमामय कार्यक्रम के तहत दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं स्वर्गीय हरनाथ यादव और स्वर्गीय अमरनाथ गुप्ता की मूर्तियों का विधिवत अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और दिवंगत अधिवक्ताओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।मूर्तियों का अनावरण एल्डर कमेटी के चेयरमैन प्रताप सिंह राठौड़ एवं विजेंद्र अवस्थी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने पुष्प अर्पित कर दोनों दिवंगत विधि विशेषज्ञों को नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और सम्मान से परिपूर्ण रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. हरनाथ यादव और स्व. अमरनाथ गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान अधिवक्ता समाज को नई दिशा दी। वे न्यायिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहे और हमेशा युवा अधिवक्ताओं का मार्गदर्शन करते थे। उनके आदर्श आज भी प्रेरणा स्रोत हैं। सचिव वेद प्रकाश यादव ने कहा कि दोनों अधिवक्ताओं ने अपने व्यवहार, कार्यशैली और समाज सेवा से एक अलग पहचान बनाई थी।

उनकी स्मृति में स्थापित की गई मूर्तियां आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की याद दिलाती रहेंगी। कार्यक्रम में विजेंद्र अवस्थी, कमलेश लोधी धीरज राठौर रंजीत राजपूत अमित सिंह राठौड़, विक्रम सिंह यादव सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि दिवंगत अधिवक्ताओं का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और बार एसोसिएशन उनके आदर्शों पर चलते हुए न्याय एवं सत्य की राह पर अग्रसर रहेगा।
