बहराइच। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 06 स्कूली वाहनों को सीज किया गया।

यह अभियान शासन के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी यातायात/112 राज सिंह के पर्यवेक्षण में, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा व्यापक चेकिंग की गई।
जांच के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा एवं अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया। मानकों की अनदेखी पाए जाने पर 06 वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान सभी वाहन चालकों को संबंधित थानों से चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें यातायात नियमों के कड़ाई से पालन हेतु चेतावनी एवं जागरूकता संदेश भी दिया गया।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश:
नियमों से समझौता नहीं — बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि।
अपील:
सभी वाहन स्वामी एवं चालक यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
